भारत सरकार और राज्य सरकारें समय-समय पर कई ऐसी योजनाएं चलाती हैं, जिनके जरिए जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके। इसमें कई योजनाओं में या तो लोगों के खातों में सीधे पैसे भेजे जाते हैं या फिर बीमा या फ्री राशन जैसी योजनाएं होती हैं। इन योजनाओं के जरिए जरूरतमंद लोगों की मदद हो जाती है। ऐसी ही एक योजना है ई-श्रम कार्ड योजना, जिसमें असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का ई-श्रम कार्ड बनाया जा रहा है और फिर इसके जरिए उनको आर्थिक रूप से मदद भी पहुंचाई जाएगी। इस बीच इस कार्ड को काफी संख्या में लोग बनवा रहे हैं, लेकिन एक सवाल अब भी लोगों के मन में है कि क्या इस ई-श्रम कार्ड को देश का अन्नदाता यानी किसान बनवा सकता है या नहीं यानी क्या किसान ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं या नहीं? तो चलिए इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश करते हैं।
कैसे बनवा सकते हैं ये ई-श्रम कार्ड?
अगर आप ई-श्रम कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो इसके लिए आप दो तरीके से इसे बनवा सकते हैं पहला ऑफलाइन और दूसरा ऑनलाइन। ऑफलाइन में आप अपने नजदीकी डाकघर या लोकसेवा केंद्र और सीएससी में इस कार्ड को बनवा सकते हैं। जबकि ऑनलाइन कार्ड बनवाने के लिए आपको इसकी आधिकारिक वेबसाइट eshram.gov.in पर जाना होता है।
ये दस्तावेज रखें पास में
बैंक खाते की जानकारी/संख्या
एक फोटो
एक मोबाइल नंबर
आधार कार्ड।
किन्हें मिलेगा लाभ?
दरअसल, इस योजना का फायदा उन लोगों को दिया जाता है जो असंगठित क्षेत्र से आते हैं। जैसे- रिक्शा-ठेला चालक, मोची, रेहड़ी-पटरी वाले, घर बनाने वाले लोग, सब्जी-दूध बेचने वाले, नाई, फल बेचने वाले और खोमचा लगाने वाले लोग शामिल हैं। ये सभी लोग इस ई-श्रम कार्ड का लाभ ले सकते हैं।
क्या किसानों को मिलेगा लाभ?
बात अगर किसानों की करें, तो ई-श्रम की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक ई-श्रम पोर्टल पर सिर्फ खेतिहार मजदूर और भूमिहीन किसान ही पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, दूसरे किसान इसके लिए पात्र नहीं हैं।